भागलपुर हॉस्टल में सनसनी: NEET छात्रा का संदिग्ध मौत, 3 घंटे में हुई घटना
भागलपुर हॉस्टल में सनसनी: NEET छात्रा का संदिग्ध मौत, 3 घंटे में हुई घटना
Bhagalpur News: भागलपुर के बरारी थाना क्षेत्र के खंजरपुर स्थित एक निजी हॉस्टल में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब NEET की तैयारी कर रही एक छात्रा का शव संदिग्ध परिस्थितियों में फंदे से लटका मिला। मृतका की पहचान श्रृष्टि सिंह उर्फ लाडो के रूप में हुई है, जो अररिया जिले की निवासी थी। मिली जानकारी के अनुसार, श्रृष्टि हाल ही में इस हॉस्टल में रहने आई थी। चौंकाने वाली बात यह है कि शिफ्टिंग के महज तीन घंटे के भीतर ही यह घटना सामने आ गई। बताया जा रहा है कि छात्रा के माता-पिता उसे हॉस्टल में छोड़कर घर लौट चुके थे। घटना का पता तब चला जब पास के कमरे में रहने वाली एक छात्रा ने दरवाजा नहीं खुलने पर शक जताया और शोर मचाया। इसके बाद हॉस्टल प्रबंधन और अन्य लोग मौके पर पहुंचे, जहां छात्रा का शव फंदे से लटका मिला। तुरंत पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही बरारी थाना अध्यक्ष बिट्टू कमल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। हॉस्टल संचालक की मौजूदगी में शव को नीचे उतारकर जांच शुरू की गई। फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने घटनास्थल से अहम साक्ष्य जुटाए। पुलिस को छात्रा के मोबाइल फोन से कुछ व्हाट्सएप चैट भी मिले हैं, जिन्हें जांच में शामिल किया गया है। फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई स्पष्ट निष्कर्ष सामने नहीं आया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह स्पष्ट हो पाएगी। इस घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है, वहीं इलाके में भी शोक और चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि हर एंगल से मामले की जांच की जा रही है। हॉस्टल संचालक और परिजनों से भी पूछताछ जारी है, ताकि सच्चाई सामने लाई जा सके। यह घटना एक बार फिर छात्रों की सुरक्षा और मानसिक स्वास्थ्य को लेकर गंभीर सवाल खड़े करती है, जिस पर समाज और प्रशासन दोनों को गंभीरता से विचार करने की जरूरत है।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0