घरेलू गैस के अवैध उपयोग पर प्रशासन का शिकंजा, कई दुकानों पर छापेमारी
घरेलू गैस के अवैध उपयोग पर प्रशासन का शिकंजा, कई दुकानों पर छापेमारी
बांका/ धोरैयासे संवाददाता:
जिले में घरेलू गैस सिलेंडर के अवैध उपयोग को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए धोरैया क्षेत्र में व्यापक छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान कई दुकानों में घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करते हुए पकड़ा गया। प्रशासन ने मौके से गैस सिलेंडर और चूल्हा समेत अन्य उपकरण जब्त कर लिए।
यह कार्रवाई SDM बांका और SDPO बौंसी के नेतृत्व में की गई। छापेमारी के दौरान आपूर्ति विभाग की टीम भी मौजूद रही। अधिकारियों के अनुसार, दुकानदार घरेलू गैस का उपयोग व्यवसायिक कार्यों में कर रहे थे, जो नियमों का उल्लंघन है।
आपूर्ति विभाग के अधिकारियों ने बताया कि घरेलू गैस केवल घरेलू उपयोग के लिए निर्धारित है। इसका दुकानों या अन्य व्यावसायिक गतिविधियों में इस्तेमाल करना अवैध है। ऐसे मामलों में आवश्यक वस्तु अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाती है।
प्रशासन ने इस मामले में संबंधित दुकानदारों के खिलाफ प्राथमिकी (FIR) दर्ज कर ली है। छापेमारी के दौरान धोरैया थाना प्रभारी अमित कुमार और धोरैया प्रखंड विकास पदाधिकारी भी मौजूद रहे।
बताया जा रहा है कि गैस की बढ़ती किल्लत को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी और सख्ती बढ़ा दी है। अधिकारियों का कहना है कि घरेलू गैस के दुरुपयोग से आम उपभोक्ताओं को परेशानी होती है और आपूर्ति व्यवस्था प्रभावित होती है।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी इस तरह की छापेमारी जारी रहेगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दुकानदारों को चेतावनी दी गई है कि वे व्यावसायिक कार्यों के लिए केवल कमर्शियल गैस सिलेंडर का ही उपयोग करें।
What's Your Reaction?
Like
0
Dislike
0
Love
0
Funny
0
Angry
0
Sad
0
Wow
0